रानीखेत-गोविन्दरावत

अल्मोड़ा जिले की पर्यटन नगरी रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ताड़ीखेत विकासखंड के पूर्व ब्लाक प्रमुख हीरा रावत ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
हीरा रावत ने कहा कि उन्होंने ताड़ीखेत विकासखंड में ब्लाक प्रमुख रहते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। साथ ही उनकी पत्नी रचना रावत ने भी ब्लाक प्रमुख के रूप में क्षेत्र में जनहित से जुड़े अनेक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया। उन्होंने अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि वह रानीखेत महाविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष एवं छात्र सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं, जिससे उन्हें जनसेवा और नेतृत्व का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ।
पूर्व ब्लाक प्रमुख ने कहा कि यदि उन्हें पार्टी द्वारा मौका दिया जाता है, तो वह रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का काम करेंगे। उन्होंने क्षेत्र की जनता से भी समर्थन की अपील की और भरोसा दिलाया कि वह जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

