दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग और हर घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। ट्रस्ट अब तक 2,000 से अधिक स्वामी विवेकानंद जी के चित्र लोगों को भेंट कर चुका है। इस अभियान के माध्यम से ट्रस्ट का उद्देश्य केवल चित्र वितरित करना नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों, विचारों, राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण और युवा शक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इसी कड़ी में ट्रस्ट के अध्यक्ष गौरव कुमार ने अंब के वरिष्ठ अधिवक्ता अश्वनी अरोड़ा जी को स्वामी विवेकानंद जी का चित्र भेंट किया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को समाज में अधिक से अधिक प्रसारित करने और युवाओं को उनके जीवन दर्शन से प्रेरित करने के महत्व पर जोर दिया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष गौरव कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी केवल एक महान संत या विचारक ही नहीं, बल्कि भारत की युवा चेतना, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। आज आवश्यकता है कि उनकी शिक्षाएं केवल पुस्तकों और भाषणों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक घर, प्रत्येक युवा और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का हिस्सा बनें।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने ‘चित्र नहीं, विचार’ के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत की है। हमारा प्रयास है कि जब किसी घर में स्वामी विवेकानंद जी का चित्र पहुंचे, तो उसके साथ उनके विचार भी उस परिवार तक पहुंचें। एक चित्र केवल दीवार की शोभा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देने का माध्यम बने।
गौरव कुमार ने बताया कि ट्रस्ट ने इस अभियान के अंतर्गत अब तक 2,000 से अधिक चित्र वितरित किए हैं और आने वाले समय में 10,000 चित्र जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह अभियान किसी औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत व्यक्तित्वों को जोड़ते हुए निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं।
ट्रस्ट का मानना है कि बदलाव केवल तस्वीरें लगाने से नहीं, बल्कि उन तस्वीरों में समाहित विचारों को जीवन में उतारने से आता है। इसी भावना के साथ ‘चित्र नहीं, विचार’ का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

