Home HImachal News Una गगरेट में शिवरात्रि पर अनूठी पहल: शहीद भगत सिंह क्लब ने बेसहारा गौवंश को कराया हरा चारा व गुड़ का लंगर

गगरेट में शिवरात्रि पर अनूठी पहल: शहीद भगत सिंह क्लब ने बेसहारा गौवंश को कराया हरा चारा व गुड़ का लंगर

0
गगरेट में शिवरात्रि पर अनूठी पहल: शहीद भगत सिंह क्लब ने बेसहारा गौवंश को कराया हरा चारा व गुड़ का लंगर

दौलतपुर चौक, 15 फरवरी (संजीव डोगरा):

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जहां मंदिरों में शिवभक्तों के लिए विभिन्न प्रकार के लंगरों का आयोजन किया गया, वहीं गगरेट क्षेत्र में शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट के सदस्यों ने भगवान शिव को समर्पित यह पर्व एक अनूठे अंदाज में मनाया। क्लब द्वारा बेसहारा गौवंश के लिए हरे चारे व गुड़ का विशेष लंगर आयोजित किया गया।
क्लब के प्रधान मुनीष ठाकुर ने बताया कि गगरेट क्षेत्र में बेसहारा गौवंश की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो एक गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दूध के लाभ के लिए पशुओं को पालते हैं, लेकिन जब वे दूध देना बंद कर देते हैं तो उन्हें सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। ऐसे में ये पशु पालतू से आवारा बनकर सड़कों पर भटकने को मजबूर हो जाते हैं।
भूख से व्याकुल ये बेजुबान पशु अक्सर कागज और प्लास्टिक जैसी हानिकारक वस्तुएं निगल लेते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए क्लब सदस्यों ने सड़क किनारे, मंदिरों के पास और विभिन्न स्थानों पर हरा चारा, गुड़ और जल की व्यवस्था कर पशुओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया।
मुनीष ठाकुर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पशुओं की भूख मिटाना ही नहीं, बल्कि समाज में जीव दया और संवेदनशीलता का संदेश फैलाना भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे बेसहारा पशुओं के प्रति सहानुभूति रखें और उनकी सहायता के लिए आगे आएं।
इस सेवा कार्य में आकाश कुमार, अभी सांगर, अमृतपाल सिंह, मंजीत सिंह और शम्मी सिंह ने विशेष सहयोग दिया। क्लब की इस सराहनीय पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here