बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

, सुक्खू सरकार की व्यवस्था परिवर्तन नहीं बल्कि हो रहा व्यवस्था पतन,
बंगाणा, कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए ठेकेदारों को समय पर भुगतान न मिलने के मुद्दे को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में ठेकेदारों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है और उन्हें अपने किए गए विकास कार्यों की पेमेंट के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों और बैंकों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि 31 मार्च को वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन होने के बावजूद जिले के कई ठेकेदार कभी बैंक तो कभी ट्रेज़री के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें एक भी रुपये की पेमेंट नहीं मिल सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों ने अपने संसाधनों और मेहनत से विकास कार्यों को पूरा किया,लेकिन सरकार की लचर व्यवस्था के कारण उन्हें भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिस से उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि मुख्य मंत्री सुक्खू द्वारा विधानसभा सदन में बार-बार यह दावा किया गया कि 31 मार्च से पहले सभी ठेकेदारों को उनका बकाया भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बिल्कुल विपरीत नजर आई। उन्होंने कहा कि यह केवल सदन में वाहवाही लूटने के लिए की गई घोषणाएं साबित हुईं, जिनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने विशेष रूप से बंगाणा लोक निर्माण विभाग कार्यालय का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि एक सरकार और स्थानीय विधायक के चहेते व्यक्ति को 17 लाख रुपये की पेमेंट जारी कर दी गई, जबकि अन्य ठेकेदारों को एक रुपये तक का भुगतान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से पक्षपात और भेदभाव को दर्शाता है तथा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, उन्होंने कहा कि सरकार वास्तव में व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है, तो उसे सभी ठेकेदारों के साथ समान व्यवहार करना चाहिए, न कि केवल अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में पारदर्शिता की भारी कमी है और सरकारी तंत्र उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रदेश में ठेकेदारों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई ठेकेदारों को अपने परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है,उन्होंने कहा कि कई ठेकेदारों पर बैंक ऋण का बोझ बढ़ता जा रहा है और समय पर भुगतान न मिलने के कारण उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि कई ठेकेदारों के सामने जहर खाने जैसी नौबत आ गई है, जो सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए ठेकेदारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, लेकिन यदि उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिलेगा तो भविष्य में कोई भी ठेकेदार काम करने के लिए आगे नहीं आएगा।इससे प्रदेश के विकास कार्यों पर सीधा असर पड़ेगा और आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हर वर्ग अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, किसान, व्यापारी और ठेकेदार सभी सरकार की नीतियों से असंतुष्ट हैं और यही असंतोष भविष्य में सुक्खू सरकार के पतन का मुख्य कारण बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किया जा रहा तथाकथित व्यवस्था परिवर्तन वास्तव में व्यवस्था पतन का उदाहरण बन चुका है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि यदि सरकार जल्द ही ठेकेदारों के बकाया भुगतान की व्यवस्था नहीं करती है, तो प्रदेशभर में ठेकेदारों का आक्रोश और अधिक बढ़ सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ठेकेदार वर्ग की अनदेखी करना सरकार के लिए भारी पड़ सकता है और यही वर्ग भविष्य में सरकार को सत्ता से बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और ठेकेदारों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के पक्ष में रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत ठेकेदारों के सभी लंबित भुगतानों को जारी करे और भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए ठोस नीति बनाए। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कार्यप्रणाली को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब जरूर देगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों के साथ हो रहा अन्याय सुक्खू सरकार के पतन का एक बड़ा कारण बनेगा और यही मुद्दा आने वाले समय में सरकार के खिलाफ जनआंदोलन का रूप भी ले सकता है

