दैनिक जागो वर्ल्ड ! उना

बंगाणा, हिमाचल प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग ने हिमाचल प्रदेश गौसेवा आयोग में दो गैर-सरकारी सदस्यों की नियुक्ति की है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी अधिसूचना के अनुसार ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र के गांव रिट्ट सतरूखा निवासी अरुण पाटियाल को हिमाचल प्रदेश गौसेवा आयोग का गैर-सरकारी सदस्य नामित किया गया है। अरुण पाटियाल का संबंध कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की हटली पंचायत से भी बताया जाता है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही बंगाणा और कुटलैहड़ क्षेत्र में समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। अरुण पाटियाल को क्षेत्र में वरिष्ठ कांग्रेस नेता के रूप में जाना जाता है। वे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी नेताओं में भी माने जाते हैं। ऐसे में गौसेवा आयोग जैसे महत्वपूर्ण आयोग में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीन वर्ष के लिए हुई नियुक्ति
पशुपालन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों गैर-सरकारी सदस्यों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन अधिनियम, 2018 के प्रावधानों के तहत की गई है। यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। दोनों गैर-सरकारी सदस्य आयोग में तीन वर्ष की अवधि तक पद पर रहेंगे। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी सदस्य की मृत्यु, त्यागपत्र, पद से हटाए जाने अथवा अन्य किसी कारण से कार्यकाल पूरा होने से पहले पद रिक्त होता है, तो शेष अवधि के लिए नए सदस्य का नामांकन किया जाएगा।
अरुण पटियाल गोवंश संरक्षण और संवर्धन में निभाएंगे भूमिका,
हिमाचल प्रदेश गौसेवा आयोग का उद्देश्य प्रदेश में गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और कल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना है। आयोग के माध्यम से गोवंश के संरक्षण के साथ-साथ गौशालाओं और गोसदनों से जुड़े विषयों पर भी काम किया जाता है। ऐसे में आयोग में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में अरुण पाटियाल की नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि वे अपने अनुभव और सामाजिक जुड़ाव के माध्यम से गोसेवा से जुड़े मुद्दों को आयोग के समक्ष प्रभावी ढंग से रखेंगे।
आयोग के सदस्यों को देय वेतन, मानदेय एवं अन्य भत्ते सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार मिलेंगे। अधिसूचना के अनुसार आयोग का मुख्यालय शिमला में निर्धारित है।
अरुण पटियाल की नियुक्ति से बंगाणा क्षेत्र में खुशी का माहौल,
अरुण पाटियाल की नियुक्ति की जानकारी मिलने के बाद बंगाणा तथा कुटलैहड़ क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
प्रदेश सरकार के पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव देवेश कुमार की ओर से नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी की गई है। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि अरुण पाटियाल की नियुक्ति से क्षेत्र की आवाज को प्रदेश स्तर पर एक नया मंच मिलेगा और गौसेवा तथा गोवंश संरक्षण से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा। नियुक्ति के बाद क्षेत्रवासियों और समर्थकों ने अरुण पाटियाल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी

