Friday, October 23, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुठियाड़ी

कुठियाड़ी

दैनिक जागो वर्ल्ड !कुठियाड़ी

एक युवक गंभीर हालत में ऊना रेफर, पांच घायलों को उपचार के बाद मिली छुट्टी; ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

स्पर्श शर्मा, अम्ब (ऊना)।
अम्ब थाना क्षेत्र के कुठियाड़ी में ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को ट्रक की टक्कर से छह लोग घायल हो गए। हादसे में एक कार, एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया। इनमें से एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया, जबकि अन्य पांच घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक नंबर HP-12F-7596 ऊना की तरफ से आ रहा था। कुठियाड़ी के पास ट्रक ने कार नंबर CH-01-BK-8042 को टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप नंबर PB-65DL-3573, मोटरसाइकिल नंबर HP-19B-6346 और स्कूटी नंबर HP-19F-6354 भी उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए।

सिर में चोट लगने पर युवक ऊना रेफर
हादसे में अभिषेक शर्मा (22), निवासी नकड़ोह, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिर में चोट और अंदरूनी रक्तस्राव के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। घायलों में सविता कुमारी (25), गोल्डी सिंह (40), बाबू राम (60), विशाल (23) और आदित्य (23) भी शामिल हैं। हादसे में घायल अन्य पांच लोगों को अम्ब अस्पताल में उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।

बीएमओ अम्ब डॉ. राहुल कतना ने बताया कि हादसे में छह घायल अस्पताल पहुंचे थे। इनमें से पांच को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि सिर में चोट और अंदरूनी रक्तस्राव के चलते अभिषेक शर्मा को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया था।

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। मामले में ट्रक चालक मनप्रीत सिंह (26), निवासी वघैरी, जिला सोलन, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण करवाने के साथ उसके रक्त और मूत्र के नमूने भी सुरक्षित रखे हैं।

क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि कुठियाड़ी में हुए सड़क हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। एक घायल को गंभीर हालत में ऊना रेफर किया गया था। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular