दौलतपुर चौक, संजीव डोगरा

राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक एवं अम्बुजा संस्थान के मध्य लघु अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का सीधा लाभ महाविद्यालय के विद्यार्थियों को प्राप्त होगा तथा उन्हें रोजगार हेतु प्रशिक्षण एवं बेहतर प्लेसमेंट अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान, ऊना द्वारा विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें ब्यूटी थेरेपिस्ट, माइक्रो फाइनेंस एग्जीक्यूटिव, कस्टमर सर्विस एसोसिएट (फाइनेंशियल सर्विस), असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे कोर्स शामिल हैं।
यह एमओयू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार तथा अम्बुजा संस्थान के अधिकारी राकेश ठाकुर की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना तथा उन्हें वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना है।
इस अवसर पर बताया गया कि भविष्य में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल प्राप्त होगा। साथ ही, विद्यार्थियों के लिए रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसर तलाशने में भी यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

