Tuesday, November 17, 2026
HomeHImachal Newsरायपुर सहोड़ा में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग...

रायपुर सहोड़ा में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर जल शक्ति विभाग को सौंपा ज्ञापन : पंकज सहोड़

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ा में पेयजल आपूर्ति के दौरान पानी के साथ मिट्टी एवं रेत आने की गंभीर समस्या को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य पंकज सहोड़ ने जल शक्ति विभाग, ऊना के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।

पंकज सहोड़ ने बताया कि पंचायत के वार्ड नंबर 4, 7 एवं 8 के निवासियों ने पेयजल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों द्वारा भेजी गई तस्वीरों एवं वीडियो में पानी के साथ मिट्टी और रेत आती हुई दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्व में भी कई लोग बीमार हो चुके हैं। ऐसे में पेयजल की गुणवत्ता की जांच करवाना आवश्यक है।

इस समस्या को लेकर वार्ड नंबर 7, ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ा के स्थानीय निवासियों ने भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। इनमें तरसेम लाल पुत्र जगत राम, लेखराज पुत्र करतार चंद, रीना पत्नी सुखदेव, कृष्णा पत्नी स्वर्गीय मनजीत कुमार तथा जसवीर पत्नी गुरनाम सिंह शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग, ऊना के अधिशाषी अभियंता (XEN) 15 दिनों की छुट्टी पर होने के कारण उन्होंने अपना ज्ञापन जल शक्ति विभाग के डिवीजन ऊना में श्री कुलदीप सिंह मान, Superintendent Grade-II को सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रभावित क्षेत्रों में विभागीय अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों की टीम भेजकर मौके पर निरीक्षण किया जाए। पेयजल के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशाला में उनकी भौतिक, रासायनिक एवं बैक्टीरियोलॉजिकल जांच करवाई जाए।

इसके अतिरिक्त पेयजल पाइपलाइनों में लीकेज, टूट-फूट, पुरानी पाइपों, भंडारण टैंकों की सफाई तथा फिल्ट्रेशन एवं वितरण व्यवस्था की जांच करने की मांग भी की गई है। यदि कहीं तकनीकी खराबी या लीकेज पाई जाती है तो उसे तुरंत ठीक करवाया जाए।

पंकज सहोड़ ने विशेष रूप से मांग की कि जांच केवल शिकायत वाले वार्डों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ा के प्रत्येक वार्ड में पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा जब तक पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूलभूत अधिकार है। विभाग की जिम्मेदारी है कि लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाया जाए। इस समस्या को केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित न रखते हुए इसकी जड़ तक पहुंचकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

पंकज सहोड़ ने जल शक्ति विभाग से आग्रह किया कि जनहित एवं ग्रामीणों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ज्ञापन पर शीघ्र कार्रवाई की जाए तथा की गई जांच और कार्रवाई की जानकारी स्थानीय निवासियों को उपलब्ध करवाई जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular