दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

हिमाचल प्रदेश सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऊना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस को वित्तीय जांच के माध्यम से नशा तस्करी से जुड़े मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कसते हुए करोड़ों रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस थाना अंब में दिसंबर 2025 में दर्ज एफआईआर नंबर 179/2025 के मामले में आरोपी अंकुश पराशर पुत्र दर्शन कुमार निवासी वार्ड नंबर-3, तहसील अंब को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय लेन-देन और बैंक खातों की पड़ताल की। इस जांच के आधार पर अलग-अलग बैंक खातों में जमा एफडी और नकद राशि सहित कुल 68 लाख 71 हजार 961 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के मामलों में केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी जा रही, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति का भी पता लगाकर उसे जब्त करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
इसी तरह पुलिस थाना सदर ऊना में दर्ज एक अन्य मामले एफआईआर नंबर 148/2026 में भी महत्वपूर्ण कार्रवाई हुई है। इस मामले में पुलिस ने करीब 19 लाख 21 हजार रुपये की संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया था। इसमें से 16 लाख रुपये की संपत्ति को नई दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकरण (Competent Authority) ने भी पुष्टि प्रदान कर दी है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक ऊना पुलिस द्वारा विभिन्न नशा तस्करी के मामलों में करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है। इसमें से लगभग 1 करोड़ 1 लाख रुपये की संपत्ति को सक्षम प्राधिकरण की ओर से फ्रीज करने की पुष्टि मिल चुकी है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 90 मामले दर्ज किए गए हैं और बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज की कार्रवाई सहित कुल 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने 1.663 किलोग्राम हेरोइन, 494 किलोग्राम भुक्की, 6.16 किलोग्राम चरस और 9 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान करने के साथ-साथ आर्थिक स्रोतों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध कमाई पर भी रोक लगाना है। ऊना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विजुअल शॉट
बाइट sp ऊना सचिन हीरामेठ
ऊना।

