दैनिक जागो एओरलद ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

जिला ऊना में हिमाचल प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) एवं शारीरिक माप परीक्षण (PST) का पहला दिन रहा। पुलिस लाइन झलेड़ा के मैदान में सुबह करीब 6 बजे भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। पहले दिन पुरुष वर्ग के 1600 अभ्यर्थियों को परीक्षण के लिए बुलाया गया था, जिनमें से करीब 800 अभ्यर्थियों ने अपनी रिपोर्टिंग करवाई।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और निर्धारित शारीरिक मानकों की जांच की जा रही है। सभी इवेंट निर्धारित नियमों के अनुसार और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि अभ्यर्थियों की तैयारी अच्छी नजर आ रही है और शारीरिक मापदंडों, विशेषकर लंबाई आदि के मामले में भी अभ्यर्थी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार आयोजित की जा रही है। प्रक्रिया को खुला और पारदर्शी रखा गया है, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता दिखाने का समान अवसर मिल सके।
गौरतलब है कि जारी शेड्यूल के अनुसार 13, 14 और 15 नवंबर को पुरुष अभ्यर्थियों जबकि 16 नवंबर को महिला अभ्यर्थियों का PET/PST आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6 बजे पुलिस लाइन झलेड़ा में रिपोर्ट करना अनिवार्य है।
जिला पुलिस ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट और सभी आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाने की अपील की है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभिभावकों, मोबाइल फोन और अनावश्यक सामान को परीक्षण स्थल पर लाने की अनुमति नहीं है।

