Saturday, November 21, 2026
HomeHImachal Newsबंगाणा मुख्यालय में बंगाणा में होगा कुटलैहड़ खेल महाकुंभ, खिलाड़ियों को मिलेंगे...

बंगाणा मुख्यालय में बंगाणा में होगा कुटलैहड़ खेल महाकुंभ, खिलाड़ियों को मिलेंगे मेडल के साथ बड़ी नकद राशि,

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

बंगाणा,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से दिसंबर माह में भव्य कुटलैहड़ खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। हिमाचल भाजपा खेल प्रकोष्ठ के सह संयोजक एवं हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष प्रतिष्ठित व्यावसाई युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि कुश्ती संघ के सौजन्य से आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ में कुटलैहड़ की हर पंचायत और हर गांव से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान किया जाएगा। खेल महाकुंभ का आयोजन बंगाणा मुख्यालय में होगा। राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताएं करवाना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध करवाना है। आज गांवों में अनेक ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित मंच और संसाधनों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल पाता। खेल महाकुंभ के माध्यम से ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल के साथ बड़ी नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका उत्साह बढ़े और दूसरे युवा भी खेलों के प्रति प्रेरित हों। राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने बताया कि खेल महाकुंभ को सफल बनाने के लिए आगामी दस दिनों के भीतर एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी में खेलों से जुड़े अनुभवी लोगों और युवाओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इस खेल महाकुंभ में 12 वर्ष से लेकर 30 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में पारंपरिक एवं प्राचीन खेलों के साथ- साथ वर्तमान समय में प्रचलित और पंजीकृत खेलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इससे एक ओर जहां हमारी पुरानी खेल परंपराओं को जीवित रखने का प्रयास होगा, वहीं दूसरी ओर आधुनिक खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ को यादगार बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ी भी इसमें शिरकत करेंगे। ऐसे खिलाड़ियों की उपस्थिति से ग्रामीण क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्हें बड़े स्तर पर खेलों में आगे बढ़ने, अनुशासन अपनाने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
नशे और सोशल मीडिया से दूरी बनाएं युवा, खेलों को बनाएं जीवन का हिस्सा,
युवा नेता राजेंद्र ठाकुर डिंपल ने कहा कि आज युवा पीढ़ी के सामने चिट्टे जैसे घातक नशे और सोशल मीडिया की बढ़ती लत बड़ी चुनौती बनती जा रही है। युवाओं का कीमती समय मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर व्यर्थ हो रहा है। ऐसे में समाज और खेल संगठनों की जिम्मेदारी है कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि कुटलैहड़ का युवा नशे से दूर रहे और अपनी ऊर्जा खेलों, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाए। खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, आत्म विश्वास, संघर्ष और टीम भावना भी सिखाते हैं। खेलों से जुड़ा युवा अपने भविष्य के प्रति अधिक जागरूक बनता है और समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ खेल महाकुंभ को एक बड़े खेल आयोजन के रूप में विकसित करने का प्रयास रहेगा, जिसमें गांव-गांव की प्रतिभाओं को पहचान मिले। उनका सपना है कि कुटलैहड़ क्षेत्र के खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने क्षेत्र के अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और युवाओं से इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular