Saturday, November 21, 2026
HomeHImachal Newsवशिष्ट पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर 80 के दशक...

वशिष्ट पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर 80 के दशक की थीम ने ताज़ा की पुरानी यादें

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना में बाल दिवस के अवसर पर किंडरगार्टन के नन्हें विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रीमती अंजलि वशिष्ट की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 80 के दशक की थीम रही, जिसके माध्यम से उस समय की जीवनशैली, संस्कृति और परंपराओं को खूबसूरती से जीवंत किया गया।

विद्यालय परिसर में 80 के दशक का विशेष डिस्प्ले तैयार किया गया, जिसमें पुराने जमाने का टेलीविजन, टेलीफोन, रेडियो, कैसेट्स, लकड़ी के संदूक, पुराने खिलौने, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स और हस्तनिर्मित बैग सहित अनेक पारंपरिक वस्तुएँ प्रदर्शित की गईं। वहीं, पंजाबी कॉर्नर में चारपाई, मिट्टी के बर्तन, चूल्हा, चक्की, पारंपरिक अलमारी और घास काटने की मशीन के साथ घर के बाहर बंधी गाय को दर्शाकर पुराने पंजाबी ग्रामीण जीवन की सजीव झलक प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम के दौरान मदर्स और बच्चों के लिए ब्लाइंडफोल्ड गेम, पुट द बिंदी, पेपर डांस, म्यूजिकल चेयर और फाइंड द फोटो जैसी मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। माताओं और बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और खूब आनंद उठाया। खेलों और पुरानी यादों ने कार्यक्रम के माहौल को खुशनुमा बना दिया। अभिभावकों ने आयोजन की खूब सराहना की और कहा कि 80 के दशक की वस्तुओं एवं सजावट को देखकर उनकी बचपन और पुराने दिनों से जुड़ी यादें एक बार फिर ताज़ा हो गईं।

इस पूरे आयोजन को सफल एवं आकर्षक बनाने में किंडरगार्टन की शिक्षिकाओं ने विशेष मेहनत और रचनात्मकता का परिचय दिया। शिक्षिकाओं ने स्वयं सभी वस्तुओं की व्यवस्था की तथा सजावट से जुड़ी अनेक सामग्री अपने हाथों से तैयार की। उनकी मेहनत और समर्पण से विद्यालय परिसर में 80 के दशक का वातावरण साकार हो उठा।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मनोरंजन के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और बीते समय की जीवनशैली से परिचित करवाने का एक सुंदर माध्यम हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular