दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ब्युरो रिपोर्ट

बंगाणा। भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष रजिन्दर डिंपल ने कहा कि जब से केंद्र में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने के इसी उद्देश्य से दिसंबर माह में बंगाणा में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी उन्होंने बंगाणा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। इस दौरान कुलदीप शर्मा भी मौजूद रहे।
रजिन्दर डिंपल ने बताया कि इस आयोजन में कुटलैहड़ क्षेत्र के युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही युवा क्लब, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, स्कूली बच्चे और क्षेत्र के अन्य इच्छुक प्रतिभागी भी इसमें भाग ले सकेंगे। आयोजन में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा। प्रतिभागियों की आयु और वर्ग के अनुसार अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी का काफी समय मोबाइल फोन पर व्यतीत हो रहा है, वहीं नशे की बढ़ती प्रवृत्ति भी समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और मोबाइल की अनावश्यक लत से दूर रखकर खेल मैदानों तक लाना है, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास हो सके। साथ ही महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी खेल गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान कुलदीप शर्मा और रजिन्दर डिंपल ने कुश्ती के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से मैट वाली कुश्ती को हटाकर पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देने की पहल की गई है। जल्द ही पारंपरिक कुश्ती की सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तिथि भी शीघ्र घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कुश्ती को प्रोत्साहन मिलने से देश की खेल विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को पारंपरिक खेलों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
रजिन्दर डिंपल ने हिमाचल प्रदेश के कुश्ती खिलाड़ियों की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए बताया कि अंडर-15 वर्ग में प्रदेश के खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज ट्रॉफी हासिल कर इतिहास रचा है। उनके अनुसार प्रदेश के कुश्ती इतिहास में यह पहली बार हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव की बात करार दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को भी कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी ग्रामीण संस्कृति, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की पहचान हैं। आधुनिक दौर में इन खेलों को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को इनसे जोड़ना समय की जरूरत है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा को सही दिशा में लगाने का अवसर मिलेगा।
अंत में उन्होंने कुटलैहड़ क्षेत्र के युवा क्लबों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, स्कूलों और युवाओं से दिसंबर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया

