दैनिक जागो वर्ल्ड बंगाणा

प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के समाज सेवा प्रभाग द्वारा संचालित ‘संगम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को बंगाणा में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक वरिष्ठजनों तथा 50 से अधिक समाजसेवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद चैंचल बाला ने किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज के लिए एक सुंदर और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जीवन काफी व्यस्त और उलझनों भरा हो गया है तथा एक साथ कई जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। ऐसे में मेडिटेशन को जीवन में अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्वयं भी ध्यान के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की।
ब्रह्माकुमारी बानू बहन ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि ब्रह्माकुमारी मुकेश बहन ने समाज सेवा प्रभाग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी।

आशा दीदी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि आज जीवन की गति तो बहुत तेज हो गई है, लेकिन उसी अनुपात में रिश्ते कमजोर और सीमित होते जा रहे हैं। जीवन को दोबारा सुंदर और खुशहाल बनाने का उपाय आत्मज्ञान में छिपा है। उन्होंने कहा कि आत्मा शांत स्वरूप, प्रेम स्वरूप और अनादि-अविनाशी सत्ता है। स्वयं को जानकर ही व्यक्ति अपने जीवन और संबंधों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय निःशुल्क राजयोग कोर्स करवाया जाता है, जिसके लिए सभी को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. किरण दीदी ने उपस्थितजनों को राजयोग ध्यान का अभ्यास करवाया, जबकि हरजीत दीदी ने सभी को सकारात्मक जीवन जीने की प्रतिज्ञा करवाई। बंगाणा आश्रम की प्रभारी ऋतु दीदी ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, समाजसेवियों और वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले 45 विशेष समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। डॉ. किरण दीदी ने मंच का कुशल संचालन किया। कार्यक्रम का सफल समापन दोपहर दो बजे हुआ।
