दैनिक जागो वर्ल्ड कुटलैहड़

,कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अगलौर स्थित मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना की ओर से शनिवार को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चार्ट के माध्यम से ऊर्जा बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही ऊर्जा के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें समाज में ऊर्जा संरक्षण का संदेशवाहक बनाना रहा। कार्यक्रम में सौर परियोजना के प्रबंधक देवराज सांखला, हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के एसडीओ राकेश कुमार,दिनेश कुमार, सिक्योरिटी इंचार्ज लखविंदर सिंह तथा करण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, स्कूल की ओर से मुख्य अध्यापक अनूप कुमार और अध्यापिका श्रीमती सपना कुमारी ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। प्रतियोगिता में स्कूल के लगभग 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक चार्ट तैयार कर ऊर्जा संरक्षण के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया। किसी ने बिजली की बचत का संदेश दिया तो किसी ने सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग को पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। बच्चों ने अपने विचारों के माध्यम से बताया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बिजली की अनावश्यक खपत को कम किया जा सकता है। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सौर परियोजना प्रबंधन की ओर से सम्मान चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।

भविष्य में भी जारी रहेंगी जागरूकता प्रतियोगिताएं,देवराज सांखला
इस अवसर पर सौर परियोजना के प्रबंधक देवराज सांखला ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। आने वाली पीढ़ियों को ऊर्जा के महत्व और इसके सीमित संसाधनों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में ऊर्जा बचाने का सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने स्कूल के मुख्य अध्यापक अनूप कुमार और अध्यापिका श्रीमती सपना कुमारी का कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने तथा अपना बहुमूल्य समय देने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सौर परियोजना अगलौर की ओर से भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इस तरह की जागरूकता प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलने के साथ-साथ उनमें पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
