देहरादून-गोविन्द रावत
प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री कैड़ा ने कहा कि शहरी विकास विभाग के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न हो, ताकि आम जनता को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही शहरों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस नीति तैयार करने और समय पर कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि कुम्भ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक विनोद गोस्वामी, अपर सचिव संतोष बडोनी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।


