Saturday, June 13, 2026
HomeHImachal NewsUnaबंगाणा सिबिल अस्पताल में जल्द ऑपरेशन थियेटर की मिलेगी सुविधा, क्षेत्र की...

बंगाणा सिबिल अस्पताल में जल्द ऑपरेशन थियेटर की मिलेगी सुविधा, क्षेत्र की जनता को होगी बड़ी सुविधा

दैनिक जागो वर्ल्ड ! बंगाणा,कुटलैहड़,विपन साजन

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विधायक विवेक शर्मा लगातार प्रयासरत हैं। उनके नेतृत्व में क्षेत्र के अस्पतालों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सिबिल अस्पताल बंगाणा में ऑपरेशन थिएटर सुविधा शुरू होने जा रही है। जो क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में लंबे समय से ऑपरेशन थिएटर की मांग उठ रही थी। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन ऑपरेशन संबंधी सुविधा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को रेफर करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी के साथ साथ आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता था। अब ओटी सुविधा शुरू होने से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा। इस पर विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को घर-द्वार के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है।

बंगाणा सिबिल अस्पताल में आधुनिक उपकरण और मशीनें होंगी स्थापित,
सिबिल अस्पताल बंगाणा में ऑपरेशन थिएटर को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। अस्पताल में आधुनिक मशीनें और आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएंगे, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस संबंध में उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव विधायक विवेक शर्मा को भेजा गया है। सिबिल अस्पताल बंगाणा में ऑपरेशन थिएटर शुरू होने के बाद सामान्य सर्जरी सहित आवश्यक ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेंगे। कार्यकारी खंड स्वास्थ्य अधिकारी बंगाणा डॉ. अशोक दरोच ने बताया कि विभाग इस योजना को लेकर गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में ओटी सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिलेगा और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छोटी-छोटी सर्जरी के लिए भी मरीजों को ऊना या अन्य अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। आपातकालीन परिस्थितियों में भी मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लेकिन अब यह सुविधा शुरू होने के बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी।
बंगाणा अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर का दूरदराज मरीजों को मिलेगा लाभ,
सिबिल अस्पताल बंगाणा में ऑपरेशन थिएटर सुविधा शुरू होने से सबसे अधिक लाभ ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा। वर्तमान में कई मरीजों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सिबिल अस्पताल बंगाणा में पहले से ही बड़ी संख्या में मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ लेने पहुंचते हैं। ऐसे में ओटी सुविधा शुरू होने से अस्पताल की कार्यक्षमता और अधिक बढ़ेगी। लोगों को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा मरीजों को रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर बुजुर्ग मरीजों, महिलाओं और दुर्घटना के मामलों में तुरंत उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूती मिल रही है और आने वाले समय में नागरिक अस्पताल बंगाणा और अधिक आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
कुटलैहड़ क्षेत्र की जनता को समर्पित है विकास कार्य ,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र की देवतुल्य जनता की सेवा करना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है ताकि लोगों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। नागरिक अस्पताल बंगाणा में ऑपरेशन थिएटर सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में अस्पताल में अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा ताकि लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सुविधा क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी और अस्पताल क्षेत्र का एक मजबूत स्वास्थ्य केंद्र बनकर उभरेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular