दैनिक जागो वर्ल्ड !दौलतपुर चौक, 14 जून (संजीव डोगरा)

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक के लिए गर्व का क्षण तब आया जब बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र दिशांत डडवाल का चयन भारतीय सेना में हुआ। दिशांत, गांव एवं डाकघर चलेट निवासी विपिन कुमार के सुपुत्र हैं।

दिशांत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है। देश सेवा के लिए भारतीय सेना में चयनित होने पर महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने दिशांत को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की।

उन्होंने कहा कि दिशांत की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे महाविद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिशांत भारतीय सेना में अपनी सेवाओं से संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अनुशासन, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें।

उन्होंने कहा कि दिशांत की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह दर्शाती है कि निरंतर प्रयास और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

महाविद्यालय परिवार ने दिशांत डडवाल को उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए भारतीय सेना में सफल, गौरवशाली एवं राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर डॉ. सुनील रायत, प्रो. गौरव राणा, डॉ. शिवानी ठाकुर, प्रो. पूनम, प्रो. शैलजा, प्रो. विशाल कंवर, प्रो. राजकुमार, प्रो. हितेश रतन, डॉ. गुलशन ठाकुर सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
