कुटलैहड़ के समूर के जिला स्तरीय ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्यतिथि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का विधायक विवेक शर्मा ने किया भव्य स्वागत
दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना ,बंगाणा, कुटलैहड़

कुटलैहड़ के समूर कला स्थित लता मंगेशकर कला केंद्र में जिला ऊना की नव निर्वाचित पंचायत प्रधान एवं उपप्रधानों का गोपनीय शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्यतिथि के रूप में उपस्थित रहे,समारोह में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने उपमुख्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा मंच पर उन्हें सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में जिला भर से बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास को नई दिशा देने का संकल्प लिया। इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने मंच से उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण सरकार के रूप में जाने जाते हैं और गांवों के विकास में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर जनता की सेवा करनी चाहिए तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल होने से गांवों का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और गांवों में मूलभूत सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने का कार्य पंचायतों के माध्यम से ही होता है। उन्होंने सभी नव निर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी सहयोग और सामंजस्य के साथ कार्य करें ताकि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ ही एक विशेष परिचय बैठक भी बहुत जल्द आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा आगामी विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांवों की जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनाई जाएंगी ताकि प्रत्येक पंचायत में समान रूप से विकास कार्य हो सकें। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।

पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। विधायक ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनके सहयोग से ही सरकार की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंचती हैं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित हो सके।

समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक विवेक शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।

