Wednesday, June 17, 2026
HomeHImachal NewsUnaजिला ऊना में वित्तीय साक्षरता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए एक माह...

जिला ऊना में वित्तीय साक्षरता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए एक माह का विशेष अभियान शुरू

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना , ब्यूरो रिपोर्ट

वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला ऊना में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक एक माह का विशेष वित्तीय साक्षरता एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान जिले की सभी 249 ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित जागरूकता शिविर में अग्रणी जिला बैंक पंजाब नेशनल बैंक, विभिन्न बैंक शाखाओं तथा अन्य संबंधित हितधारक संस्थाओं ने संयुक्त रूप से भाग लिया। शिविर के दौरान लोगों को सेंट्रल केवाईसी की प्रक्रिया, इसके लाभ एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

इसके अलावा उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना , प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा बैंक खातों में नॉमिनी पंजीकरण के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। शिविर में पात्र लाभार्थियों से विभिन्न योजनाओं एवं नॉमिनी पंजीकरण के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, बैंक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। अग्रणी जिला प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि वित्तीय साक्षरता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को हर परिवार तक सुनिश्चित करने तथा लोगों को डिजिटल एवं औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने पर भी बल दिया।

उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान आगामी एक माह तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को वित्तीय सेवाओं, बीमा, पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर वित्तीय रूप से सशक्त एवं जागरूक बनाना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular