Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुटलैहड़ की पलाहटा पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने भाजपा कार्यालय में दविंदर...

कुटलैहड़ की पलाहटा पंचायत के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने भाजपा कार्यालय में दविंदर कुमार भुट्टो से की मुलाकात

दैनिक जागो वर्ल्ड !बंगाणा, कुटलैहड़/जोगिंदर देव आर्य

पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने किया स्वागत, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर हुई विस्तार से चर्चा

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पलाहटा के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड पंचों ने रविवार को बंगाणा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भुट्टो ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत अभिनंदन करते हुए उन्हें जनसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में पंचायत क्षेत्र के विकास, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति तथा ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पंचायत प्रतिनिधियों ने पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो को बताया कि बीते वर्ष आई प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र में कई सड़कें, संपर्क मार्ग, पक्के रास्ते और रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कई स्थानों पर पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को आज भी आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जिन परिवारों के मकानों को नुकसान हुआ था, उन्हें भी अपेक्षित राहत और मुआवजा नहीं मिल पाया है।

आपदा प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क सड़कें आज भी क्षतिग्रस्त हैं, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई पक्के रास्ते टूटने के कारण लोगों को वैकल्पिक और जोखिम भरे मार्गों से आवागमन करना पड़ रहा है। प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि जिन परिवारों के मकानों को प्राकृतिक आपदा में नुकसान पहुंचा था, उनमें से कई अब भी राहत और पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा,
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर वह हमेशा लोगों के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर तत्काल राहत की आवश्यकता होगी, वहां वह अपने निजी खर्च से भी लोगों की मदद करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और वह प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेंगे। भुट्टो ने कहा कि ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आई प्रत्येक समस्या को संबंधित स्तर पर भी उठाया जाएगा ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान, उप प्रधान और वार्ड पंचों से आग्रह किया कि वे राजनीति से ऊपर उठकर पंचायत के समग्र विकास के लिए कार्य करें तथा ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करें।
एक वर्ष बाद प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर होंगे व्यापक विकास कार्य
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और उसके बाद विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर आपदा से क्षति ग्रस्त सड़कों, पक्के रास्तों और रिहायशी मकानों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क, मजबूत आधारभूत सुविधाएं और लोगों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में पहले से बेहतर गुणवत्ता के साथ सड़कें, पक्के रास्ते और अन्य विकास कार्य करवाए जाएंगे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सहयोग का भरोसा देने के लिए दविंदर कुमार भुट्टो का आभार व्यक्त किया। वहीं भुट्टो ने सभी प्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, और पारदर्शिता के साथ कार्य करने तथा पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व है और जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही वास्तविक सफलता है।

यह रहे मौजूद,
इस मौके पर कृष्ण पाल शर्मा,राजेंद्र मलांगड़ राजेंद्र ठाकुर सूरम सिंह सतीश धीमान कुलदीप शर्मा साहिल शर्मा अभय सिंह राणा सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं गणमान्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular