दैनिक जागो वर्ल्ड !बंगाणा, कुटलैहड़/जोगिंदर देव आर्य

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने थानाखास गौशाला में अपने समर्थकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने गौशाला परिसर में स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई भी की तथा लोगों से योग और स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों और गौशाला से जुड़े सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सामूहिक योगाभ्यास किया और इसके बाद गौशाला परिसर की सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

योग के बिना जीवन अधूरा, इसे हर दिन की आदत बनाएं,
इस अवसर पर पूर्व विधायक भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर रहे हैं, जिसके कारण अनेक प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सुबह कुछ समय योग प्राणायाम के लिए अवश्य निकालना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और विचार सकारात्मक रहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार हम प्रतिदिन भोजन करते हैं, उसी प्रकार योग को भी अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं। योग के बिना जीवन अधूरा है और स्वस्थ शरीर के लिए योग सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है।

स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान
योग कार्यक्रम के बाद पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने अपने समर्थकों के साथ थानाखास गौशाला परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर और परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति अपने घर, गांव और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जागरूक होगा तो पूरा देश स्वच्छ और सुंदर बनेगा। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने और इसे जन आंदोलन बनाने का आग्रह किया।

भुट्टो ने कहा कि स्वच्छ वातावरण में ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। इसलिए योग के साथ-साथ स्वच्छता को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान तभी पूरी तरह सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा।

योग और स्वच्छता से बनेगा स्वस्थ एवं सशक्त भारत,
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है, जबकि स्वच्छता उसे रोगों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक इन दोनों बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाए तो देश के स्वास्थ्य स्तर में व्यापक सुधार आ सकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने पूरी दुनिया को योग का अमूल्य उपहार दिया है और आज विश्वभर में करोड़ों लोग योग को अपना रहे हैं। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान ने भी देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है।

अब आवश्यकता इस बात की है कि हर व्यक्ति इन दोनों अभियानों को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर अपनी व्यक्ति गत जिम्मेदारी समझे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि स्वस्थ नागरिक, स्वच्छ वातावरण और जागरूक समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
यह रहे मौजूद,
इस मौके पर प्रदेश भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह सयोजिक कृष्ण पाल शर्मा राजेंद्र मलांगड़,राजेंद्र ठाकुर सूरम सिंह राहुल शर्मा उपप्रधान अजय शर्मा युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज परमार सहित सेकंडों पंचायत प्रधान उपप्रधान बीडीसी सदस्य एवं गणमान्य मौजूद रहे।

