Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaअंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कुटलैहड़ सेवा संगठन ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कुटलैहड़ सेवा संगठन ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर बोले, योग अपनाएं, रोगों से दूर रहें

दैनिक जागो वर्ल्ड !बंगाणा, कुटलैहड़/जोगिंदर देव आर्य

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कुटलैहड़ सेवा संगठन के सौजन्य से रविवार को आशीर्वाद होटल, बंगाणा में भव्य योग कार्य क्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, खिलाड़ी, युवा तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह मानसिक, आध्यात्मिक और सामाजिक संतुलन का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उनका कहना था कि “योग करने से रोग मिटते हैं और जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है।वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य जीवनशैली संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।

ऐसे समय में योग सबसे सरल, सस्ता और प्रभावी उपाय है। उन्होंने युवाओं से विशेष आग्रह किया कि वे मोबाइल और डिजिटल उपकरणों पर अत्यधिक समय बिताने के बजाय प्रतिदिन योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने योग करने की सही विधि और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया। कुटलैहड़ सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन समय-समय पर सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहता है,

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन भी इसी उद्देश्य से किया गया ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें।


कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और अपने परिवार व समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजन का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस तरह के प्रेरणादायक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही स्वस्थ और समृद्ध भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। इस मौके पर सेवा संगठन कुटलैहड़ के संयोजक चरणजीत शर्मा,राजेंद्र रिंकू मास्टर रमेश शर्मा,बबीता साईं राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular