Sunday, July 12, 2026
Homenatureबंगाणा होटल आशीर्वाद बंगाणा में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं पूर्व सैनिक राजेंद्र कुमार...

बंगाणा होटल आशीर्वाद बंगाणा में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं पूर्व सैनिक राजेंद्र कुमार जंवाल का भव्य सम्मान,

बंगाणा

भारतीय सेना में 18 वर्षों तक देश सेवा और उसके बाद शिक्षा विभाग में लगभग 24 वर्षों तक विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार जंवाल के सम्मान में बंगाणा स्थित होटल आशीर्वाद में भव्य सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने विशेष रूप से शिरकत कर राजेंद्र कुमार जंवाल को सम्मानित किया और उनके अनुशासित एवं प्रेरणादायी जीवन की सराहना की। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, सेवानिवृत्त कर्मचारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, मित्रगण तथा बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने अपने संबोधन में कहा कि राजेंद्र कुमार जंवाल ने भारतीय सेना में 18 वर्षों तक देश की रक्षा करते हुए राष्ट्र सेवा का गौरवपूर्ण दायित्व निभाया। इसके बाद शिक्षा विभाग में लगभग 24 वर्षों तक शिक्षक, मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य के रूप में हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवारकर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं, जिनके अनुभव और संस्कार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनते हैं। समारोह के दौरान राजेंद्र कुमार जंवाल की सेवा यात्रा को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षा को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रखा, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित की। वे जहां भी कार्यरत रहे, वहां विद्यालयों के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वक्ताओं ने उनके समाजसेवी कार्यों की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने अपनी निजी आय से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को ब्लेज़र, गर्म वस्त्र और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई,कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने विद्यालयों में सैनिटाइजर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग देकर अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया। यही कारण है कि वे विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के बीच एक आदर्श शिक्षक और समाजसेवी के रूप में पहचाने जाते हैं। सम्मान समारोह में अपने संबोधन के दौरान राजेंद्र कुमार जंवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जीवन में जो भी सम्मान मिला है, उसका श्रेय उनके माता-पिता, गुरुजनों, परिवार, सहकर्मियों और विद्यार्थियों को जाता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति उनके लिए सेवा का अंत नहीं, बल्कि समाज के लिए अधिक समय देने की नई शुरुआत है। अब वे गांव के बच्चों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने, गरीब विद्यार्थियों का मार्ग दर्शन करने तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
समारोह के अंत में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर सहित उपस्थित गणमान्य लोगों ने राजेंद्र कुमार जंवाल को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना की। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि राजेंद्र कुमार जंवाल अपने अनुभव, ज्ञान और सेवा भावना से भविष्य में भी समाज और युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। इस मौके पर चरणजीत शर्मा मदन राणा तरसेम सिंह के अलावा हजारों की संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular