Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaसांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली की स्वास्थ्य के साथ जागरूकता भी: बाथू...

सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली की स्वास्थ्य के साथ जागरूकता भी: बाथू में 67 मरीजों की जांच, बरसात के मौसम में बचाव के बताए उपाय

हरोली

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा प्रयास सोसाइटी के सहयोग से संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा, हरोली द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत एवं गांव बाथू में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 67 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 35 निःशुल्क लैब जांचें सम्पन्न की गईं। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, निःशुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम ने लोगों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीने, भोजन को ढककर रखने, हाथों की नियमित सफाई करने, घर के आसपास जलभराव न होने देने तथा मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी गई। साथ ही बुखार, दस्त, खांसी या किसी भी संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर आशा वर्कर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली टीम में डॉ. प्रदीप कुमार, रूचि, निहाल सिंह एवं मनीष शामिल रहे, जिन्होंने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।

स्थानीय लोगों ने सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के निकट निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular