Sunday, September 6, 2026
HomeNation WiseUttarakhandउत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: अलकनंदा और मंदाकिनी नदी चेतावनी के...

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: अलकनंदा और मंदाकिनी नदी चेतावनी के करीब, गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बंद

दैनिक जागो वर्ल्ड उत्तराखंड

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो गया है, मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद हो गए हैं।जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं नदियां चेतावनी निशान के करीब बह रही हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे मलबा आने से बंद हो गया है

उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में छाए बादल और रिमझिम बारिश हुई। गंगोत्री हाईवे गंगनानी और यमुनोत्री हाईवे पालीगाड के पास भूस्खलन के चलते मलबा आने के कारण बाधित हो गया है। सूचना पर बीआरओ व एनएच बड़कोट की टीम हाईवे पर यातायात बहाली का प्रयास कर रही है।रुद्रप्रयाग। जिले में रविवार को बादल और कोहरा छाया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों में ऊखीमठ तहसील में 75 मिमी, जखोली में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रुद्रप्रयाग तहसील में बारिश नहीं हुई। जिले का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रविवार सुबह आठ बजे तक अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.80 मीटर दर्ज किया गया, जो इसके चेतावनी स्तर 626 मीटर से 20 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं मंदाकिनी नदी 624.95 मीटर पर बह रही है, जबकि इसका चेतावनी स्तर 625 मीटर है। गंगानगर में जलस्तर 800.18 मीटर तथा गौरीकुंड में 1973.85 मीटर दर्ज किया गया।

प्रशासन के अनुसार, जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पर यातायात सामान्य है। वहीं पीडब्ल्यूडी के तीन और पीएमजीएसवाई के पांच मार्ग प्रभावित हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयारी का उच्चतम स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अन्य क्षति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular