दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं युवा एवं खेल सेवाएं चेयरमैन छत्तर सिंह ठाकुर के ऊना पहुंचने पर विश्राम गृह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम नवनियुक्त प्रदेश मीडिया चेयरमैन शिव सिंह रैनी के पहली बार ऊना पहुंचने पर आयोजित स्वागत समारोह के रूप में किया गया।
कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष सचिन गालव, पूर्व विधायक ऊना सदर एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतपाल सिंह रायजादा, जिला यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष रशिव कोहल सहित राघव ठाकुर, गुरमुख सिंह, अमन जसवाल, मुनीश बेंस, अब्दुल खालिद, पंकज ठाकुर, सुख सैनी, गणेश, राजन सिंह रेनी, ज्योति समेत अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
छत्तर सिंह ठाकुर ने शिव सिंह रैनी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार से आने वाले युवा को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि रैनी की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिल-जुलकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बूथ स्तर तक पहुंचाई जाएंगी सरकार की नीतियां
नवनियुक्त मीडिया चेयरमैन शिव सिंह रैनी ने कांग्रेस हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस की टीम का गठन ब्लॉक और जिला स्तर पर किया जाएगा तथा सरकार की नीतियों और योजनाओं को बूथ स्तर तक आम जनता तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
रैनी ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और युवाओं को संगठन में अधिक जिम्मेदारियां देकर कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।
युवाओं को वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने युवाओं की भूमिका और शिक्षा को लेकर भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। देश और समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
छत्तर सिंह ठाकुर ने प्रदेश सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार आम लोगों और जरूरतमंद वर्गों के हित में काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा पर भी राजनीतिक निशाना साधा गया। छत्तर सिंह ठाकुर ने भाजपा नेताओं की कार्यशैली और शिक्षा से जुड़े बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर और वैज्ञानिक शिक्षा उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को तथ्यों को समझकर अपनी सोच विकसित करनी चाहिए।

सतपाल रायजादा के मार्गदर्शन की सराहना
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतपाल सिंह रायजादा के संगठनात्मक मार्गदर्शन की भी सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि युवा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त प्रदेश मीडिया चेयरमैन शिव सिंह रैनी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। नेताओं ने उम्मीद जताई कि उनकी नियुक्ति से ऊना समेत पूरे हिमाचल प्रदेश में युवा कांग्रेस और संगठन को मजबूती मिलेगी।
