Sunday, September 20, 2026
HomeHImachal Newsखड़गे और राहुल गांधी के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन, छत्तर...

खड़गे और राहुल गांधी के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन, छत्तर ठाकुर बोले—नेताओं का अपमान सहन नहीं होगा

दैनिक जागो वर्ल्ड ! ऊना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित अपमान के विरोध में बुधवार को ऊना मुख्यालय स्थित रोटरी चौक पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली को लेकर कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धीकरण’ की बात कही गई, जो सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है।

छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत का लोकतंत्र और व्यवस्था संविधान के आधार पर चलती है तथा संविधान समानता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जाति-पाति के आधार पर भेदभाव की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का अपमान यूथ कांग्रेस किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी।

उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं, किसानों और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा कि देश में युवाओं और छात्रों से जुड़े कई मुद्दे सामने हैं, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगी तो युवा कांग्रेस आने वाले समय में और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ा है और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular