दौलतपुर चौक/संजीव डोगरा

राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के एनसीसी कैडेट्स ने जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखुबेला में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-245) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई उपलब्धियां अपने नाम कीं। 6 एचपी (आई) कंपनी एनसीसी, ऊना की ओर से आयोजित शिविर में महाविद्यालय के 40 कैडेट्स ने भाग लिया।
शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मानचित्र पठन, फील्ड क्राफ्ट, शारीरिक प्रशिक्षण, योग, नेतृत्व विकास एवं व्यक्तित्व विकास सहित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। सांस्कृतिक गतिविधियों में भी महाविद्यालय के कैडेट्स ने भांगड़ा और समूह गीत प्रस्तुत कर सराहना अर्जित की।
प्रतियोगिताओं में अर्पित, दिव्यांश और सक्षम विजेता वॉलीबॉल टीम के सदस्य रहे, जबकि अनु बाला, आंचल, रबीना, पलक और नितिका विजेता खो-खो टीम में शामिल रहीं। सचिन को सर्वश्रेष्ठ खो-खो खिलाड़ी तथा पलक जसाल को सर्वश्रेष्ठ ड्रिल कैडेट चुना गया। इसके अलावा नीलाक्षी व सादिया ने एंकरिंग, साक्षी, जानवी व नीलाक्षी ने मॉक इंटरव्यू, आंचल, पारस, केशव, सक्षम, मोहित, सौरव व सचिन ने शूटिंग तथा अंजना, कोमल, मनीष और अक्षीत ने टेंट पिचिंग प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया।
प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने एनसीसी अधिकारी सहायक प्रोफेसर अर्श सिंह राणा के मार्गदर्शन की भी सराहना की, जिनके नेतृत्व में कैडेट्स ने शिविर में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

