दैनिक जागो वर्ल्ड !

ग्राम पंचायत रपोह मिश्रा के प्रधान बिशन देव और भाजपा नेताओं ने शनिवार को प्रेस वार्ता बुलाकर ब्लॉक कांगेस द्वारा फैलाए गए उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उनके द्वारा कांगेस पार्टी ज्वाइन करने की बात प्रचारित की जा रही थी। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रधान बिशन देव ने स्पष्ट किया कि वे और उनके साथी अम्ब से बरोवड़ के लिए मिनी बस सेवा शुरू करवाने के प्रस्ताव को लेकर विधायक से मिलने गए थे। शिष्टाचार भेंट के बाद फोटो खींचने के बहाने उन्हें आंगन में बुलाया गया, जहां जबरन पटके डालकर भ्रामक प्रचार किया गया। बिशन देव ने कहा, “न तो मैंने और न ही पंचायत के किसी सदस्य ने कांगेस ज्वाइन करने की बात कही है। छल-कपट से वीडियो बनाकर भ्रम फैलाना अपमानजनक है।”

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक बलबीर सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि की समस्याएं लेकर विधायक के पास जाने पर जबरदस्ती कांगेस का पटका डालना “ओछी मानसिकता” है। उन्होंने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में विधायक के एक भाई के माफिया के साथ जुड़े होने के सबूत सामने आए हैं, इसलिए उन्हें जनता को सफाई देनी चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की जनता जानती है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल लोहारा स्कूल को एक पुल दिया गया है, वो भी चिंतपूर्णी ट्रस्ट के पैसों से। नेताओं ने चेतावनी दी कि जनता को भ्रमित करने और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ छलकपट भरी हरकतें करने से बाज आया जाए।
