Sunday, September 20, 2026
HomeHImachal NewsUnaपीएम श्री विद्यालय दौलतपुर चौक में नशा निवारण पर कार्यशाला आयोजित

पीएम श्री विद्यालय दौलतपुर चौक में नशा निवारण पर कार्यशाला आयोजित

दैनिक जागो वर्ल्ड !

दौलतपुर चौक, 19 सितंबर। संजीव डोगरा। हिमाचल प्रदेश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में तहसील कल्याण अधिकारी अंब के सौजन्य से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर चौक में नशा निवारण विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यशाला में तहसील कल्याण अधिकारी अंब राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इस दौरान राकेश कुमार ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने पेंशन योजना, दृष्टिहीन अनुदान, अंतरजातीय विवाह योजना, दिव्यांग विवाह योजना, सहारा योजना तथा दिव्यांग छात्रवृत्ति सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य और पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यशाला में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गुलशन पठानिया, शिक्षकगण, कार्यालय स्टाफ सहित करीब 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रधानाचार्या ने विभागीय अधिकारियों का विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular