Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaकुटलैहड़ को नशामुक्त बनाने का संकल्प, नशे के जागरूक अभियान में अग्रणी...

कुटलैहड़ को नशामुक्त बनाने का संकल्प, नशे के जागरूक अभियान में अग्रणी रहने वाले विद्यार्थियों को विधायक विवेक शर्मा ने किया सम्मानित,

कुटलैहड़ के लाठियानी और हटली स्कूलों में नशा निवारण रैली के प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह, दिए लंच बॉक्स,

बंगाणा,कुटलैहड़

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लाठियानी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटली का दौरा कर नशा निवारण रैली में सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को लंच बॉक्स भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी ही समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस कार्यक्रम के दौरान विधायक विवेक शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती मृदु शर्मा एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल इंस्पेक्टर रोहित चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों से संवाद कर विवेक शर्मा ने उन्हें शिक्षा, अनुशासन, खेल और संस्कारों के महत्व से अवगत कराया,विद्यालय प्रबंधन,अध्यापकों तथा विद्यार्थियों ने विधायक एवं उनकी धर्मपत्नी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
घर का भोजन अपनाएं, फास्ट फूड और बाहरी खाने से करें परहेज,
विधायक विवेक शर्मा ने विद्यार्थियों से संबोधन में कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने बच्चों को घर का पौष्टिक भोजन खाने की सलाह देते हुए कहा कि फास्ट फूड और बाहरी भोजन से यथासंभव दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में जंक फूड का चलन तेजी से बढ़ा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे संतुलित आहार लेंगे, नियमित व्यायाम करेंगे और खेलकूद में सक्रिय रहेंगे तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे। विधायक ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा मोबाइल और अन्य अनावश्यक आदतों से दूरी बनाने का भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
कुटलैहड़ में शिक्षा के विकास पर दस करोड़ से अधिक की राशि खर्च,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में दस करोड़ रुपये से अधिक की राशि विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च की जा रही है। विद्यालयों में नए भवनों का निर्माण, पुराने भवनों का सुधार, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तथा खेल मैदानों के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ के लिए एक करोड़ रुपये की लागत से डे बोर्डिंग स्कूल की स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की शैक्षणिक कठिनाई का सामना न करना पड़े। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार और उनका प्रयास है कि कुटलैहड़ का प्रत्येक विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ खेल और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों के भी पर्याप्त अवसर मिलें।
स्कूली छात्र नशामुक्त कुटलैहड़ के निर्माण का लें संकल्प,ताकि नशा मुक्त बने समाज,
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि नशा समाज को खोखला करने वाली सबसे बड़ी बुराइयों में से एक है। इससे केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों तथा परिवार के सदस्यों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ेगी तो समाज स्वतः नशामुक्त बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में अधिक से अधिक रुचि लेने की अपील करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं तथा युवाओं को गलत रास्तों से दूर रखते हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि आइए हम सब मिलकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें और कुटलैहड़ को नशामुक्त बनाकर एक नया इतिहास रचें। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सामूहिक प्रयासों से कुटलैहड़ पूरे प्रदेश के लिए नशा मुक्ति का आदर्श क्षेत्र बन सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक, स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ लेते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दोहराया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular