दैनिक जागो वर्ल्ड !शिमला

हिमाचल प्रदेश में मटौर-शिमला फोरलेन के शालाघाट से शिमला तक के हिस्से को अब ‘ग्रीनफील्ड’ बनाया जाएगा, जिससे यह दूरी 33 से घटकर 25 किलोमीटर रह जाएगी। हिमाचल प्रदेश के सबसे महत्वाकांक्षी मटौर-शिमला फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत शालाघाट से शिमला तक के हिस्से को अब ‘ग्रीनफील्ड’ (बिल्कुल नए सिरे से निर्माण) का स्वरूप दिया जाएगा। इस नए अलाइनमेंट के बनने से शालाघाट और शिमला के बीच की दूरी 33 किलोमीटर से घटकर महज 25 किलोमीटर रह जाएगी। इस सफर को निर्बाध और रोमांचक बनाने के लिए पहाड़ों के बीच में 5 नई सुरंग (टनल) भी बनाई जाएंगी।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने इसके अलाइनमेंट सर्वे का काम तेज कर दिया है। एनएचएआई ने इस महत्वपूर्ण अलाइनमेंट की रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा कास्टा इंजीनियरिंग कंपनी को सौंपा है। कंपनी को दिसंबर महीने तक अपनी विस्तृत तकनीकी सर्वे रिपोर्ट एनएचएआई को सौंपनी है। इसके बाद प्रस्तावित क्षेत्र का खाका प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। राज्य सरकार से हरी झंडी मिलते ही जमीन अधिग्रहण का काम शुरू कर दिया जाएगा।
