अधिवक्ता संघ का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी ,समस्याओं के समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने का लिया निर्णय

जागो! बिलासपुर, शुभाष चंदल
भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं अधिवक्ता संघ की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चलाया जा रहा विरोध प्रदर्शन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। संघ प्रधान प्रदीप जयसवाल की अध्यक्षता में न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता कक्ष में बैठक हुई, जिसमें अधिवक्ताओं ने मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
संघ महासचिव पवन शर्मा ने बताया कि अधिवक्ता संघ की मुख्य मांगों में घुमारवीं स्थित सीनियर सिविल जज की अदालत का तीसरे सप्ताह बिलासपुर जिला मुख्यालय में कैंप अदालत लगाने संबंधी उच्च न्यायालय के निर्णय को निरस्त करना शामिल है।

इसके अलावा न्यायालय परिसर में अधिक किराए के कारण लंबे समय से बंद पड़ी कैंटीन का किराया कम कर इसे दोबारा शुरू करवाने की मांग भी रखी गई है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अदालत के घुमारवीं में कैंप के दौरान अदालत लगाने के लिए कोर्ट परिसर में कक्ष की पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग भी संघ की ओर से की गई है। मांगों के समर्थन में अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में सुबह 10 बजे आधे घंटे तक गेट मीटिंग की और नारेबाजी कर अपना रोष जताया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। गेट मीटिंग में संघ प्रधान प्रदीप जयसवाल, महासचिव पवन शर्मा, ज्ञान चंद रत्न, लेख राम नड्डा, जगदीश राम शर्मा, रोशन लाल भारद्वाज और संजय शर्मा सचिन सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

