दैनिक जागो वर्ल्ड झारखंड

पलामू में कोयल नदी गोलीकांड का नामजद आरोपी सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में घायल हो गया।

पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे हुए चर्चित गोलीकांड के नामजद आरोपी सुमित कुमार उर्फ सुमित चंद्रवंशी को हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास महंगा पड़ गया। गुरुवार सुबह सदर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके में आरोपी ने पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने की कोशिश की।आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि कुछ दिन पहले शहर थाना क्षेत्र के कोयल नदी किनारे हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में सुमित नामजद आरोपी है। पुलिस उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी शेष थी।इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद कराने लेकर गई थी। हथियार बरामद करने के बाद लौटने के दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुमित के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे दोबारा पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।एसपी ने बताया कि सरकारी हथियार छीनने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और कस्टडी से फरार होने के प्रयास के मामले में आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना के बाद बजराहा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने सर्च अभियान भी चलाया। उल्लेखनीय है कि सुमित मेदिनीनगर का रहने वाला है और उसका एक आपराधिक गिरोह से संबंध बताया जाता है। कोयल नदी गोलीकांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
