Wednesday, April 15, 2026
HomeHImachal NewsBilaspurदिव्यांग जनों ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 100 प्रतिशत दिव्यांगों की राहत...

दिव्यांग जनों ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 100 प्रतिशत दिव्यांगों की राहत राशि में वृद्धि किए जाने पर सरकार के इस निर्णय को बताया सराहनीय

बिलासपुर-धर्मपाल

बिलासपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान दिव्यांगजनों ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 100 प्रतिशत दिव्यांगों की राहत राशि में वृद्धि किए जाने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे गंभीर रूप से दिव्यांग व्यक्तियों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके साथ ही उन्होंने दिव्यांगजनों से विवाह करने पर दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर 2 लाख रुपये किए जाने के फैसले के लिए भी सरकार का धन्यवाद किया। उनका कहना है कि यह कदम समाज में समावेशिता को बढ़ावा देगा और दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।
दिव्यांगजनों ने सरकार का आभार इस बात के लिए भी जताया कि जिन दिव्यांगों के माता-पिता सरकारी नौकरी में होने के कारण उन्हें पहले दिव्यांग राहत राशि नहीं मिलती थी, अब उन्हें भी दिव्यांग पेंशन का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने इसे एक न्यायपूर्ण और सराहनीय कदम बताया।
इसके साथ ही दिव्यांगजनों ने मांग की कि 40 प्रतिशत से 90 प्रतिशत तक के दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन में भी बढ़ोतरी की जाए। उनका कहना है कि इस वर्ग के लोग भी आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करते हैं, इसलिए उन्हें भी पर्याप्त आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी और जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular