भीमताल-ब्यूरोरिपोर्ट

भीमताल विधानसभा में कांग्रेस संगठन के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं नैनीताल विधानसभा के प्रभारी रहे पुष्कर नयाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह कदम रामगढ़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी की कांग्रेस में जॉइनिंग के बाद सामने आया है। पुष्कर नयाल ने अपने इस्तीफे के पीछे संगठन द्वारा की जा रही अनदेखी को मुख्य कारण बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में बाहर से आए नेताओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज किया जा रहा है। नयाल ने कहा, “भाजपा से आए लोगों को चार दिन में सिर पर बैठा दिया जाता है और हमें, जो वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, कोई पूछता तक नहीं। मैं नैनीताल जिले का प्रभारी रहा हूं और भीमताल विधानसभा से कांग्रेस का प्रबल दावेदार था, लेकिन मुझसे कोई सलाह नहीं ली गई।” गौरतलब है कि पुष्कर नयाल भीमताल विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी लंबे समय से जता रहे थे। ऐसे में लाखन सिंह नेगी की एंट्री के बाद उनका असंतोष और बढ़ गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी समय नजदीक आने के साथ कांग्रेस में इस तरह की अंदरूनी खींचतान पार्टी के लिए चुनौती बन सकती है। फिलहाल पार्टी संगठन की ओर से इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



