दैनिक जागो वर्ल्ड ! उना

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। कॉलेज में करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। निर्माण कार्य के लिए तैयार एस्टिमेट शिक्षा निदेशालय को भेज दिया गया है। अब यदि प्रक्रिया तय योजना के अनुसार आगे बढ़ती है तो प्रस्ताव को आगामी मंजूरी के लिए सरकार के वित्त विभाग को भेजा जाएगा।
प्रस्तावित ऑडिटोरियम के निर्माण से कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए आधुनिक मंच उपलब्ध होगा। सेमिनार, कार्यशालाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और कॉलेज के अन्य बड़े आयोजनों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।
अत्याधुनिक लैब से बढ़ेंगी प्रायोगिक शिक्षा की सुविधाएं –
कॉलेज के विकास की इस योजना में केवल ऑडिटोरियम ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों से लैस लैब मिलने से विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे कॉलेज में शिक्षा के आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना कॉलेज प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ढाई करोड़ रुपये के प्रस्तावित मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से कॉलेज के आधारभूत ढांचे में बड़ा सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि ऑडिटोरियम का एस्टिमेट शिक्षा निदेशालय को भेजा जा चुका है और आगामी प्रक्रिया सरकारी स्तर पर होने वाली मंजूरियों के आधार पर आगे बढ़ेगी।
ढाई करोड़ की यह प्रस्तावित परियोजना सिरे चढ़ती है तो दौलतपुर कॉलेज के विकास की तस्वीर बदलने के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

