जागो! नूरपुर, भूषण शर्मा

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर नूरपुर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में प्रभारी जनगणना अधिकारी एवं तहसीलदार नूरपुर राधिका सैनी मीडिया से रूबरू हुईं और आम जनता से जनगणना अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य नूरपुर क्षेत्र में 16 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है।
तहसीलदार राधिका सैनी ने कहा कि जनगणना के दौरान नियुक्त कर्मचारी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। ऐसे में सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे जनगणना कर्मियों को सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा उनके कार्य में पूरा सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं विकासात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं का निर्माण करती है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, आवास और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं की योजना एवं संसाधनों का वितरण जनगणना के आंकड़ों पर ही निर्भर करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता क्षेत्र और राष्ट्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राधिका सैनी ने यह भी जानकारी दी कि नागरिक चाहें तो निर्धारित अवधि के दौरान स्व-जनगणना (Self Enumeration) के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन भी दर्ज कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी।
उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सभी लोग जनगणना अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें, ताकि भविष्य की विकास योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से तैयार की जा सकें।
“सही जानकारी – बेहतर योजना – समृद्ध नूरपुर” तथा “जनगणना से जनकल्याण” के संदेश के साथ प्रशासन ने जनसहभागिता को इस अभियान की सफलता की कुंजी बताया।

