दैनिक जागो वर्ल्ड पंजाब

पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र में आज आठ महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे, जिनमें जीएसटी संशोधन, शिक्षकों की सेवा और पंचायत व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। सत्र की शुरुआत में ही कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर उसके कामकाज पर सवाल उठाए।पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र में सोमवार का दिन काफी अहम रहने वाला है। सदन में सरकार की ओर से कुल आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें जीएसटी में संशोधन, शिक्षकों व गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवा, ठेका कर्मियों की नीति, विश्वविद्यालयों और पंचायत व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। शुरुआत से पहले ही कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला।

नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए उसे ‘झूठ का पुलिंदा’ और ‘गप्पे मारने वाली सरकार’ करार दिया।विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार सदन में प्रश्नकाल के बाद गैर-सरकारी कार्य होगा। इसके बाद नियम 16 के तहत प्रस्ताव और फिर विधायी कामकाज लिया जाएगा। सरकार की ओर से कुल आठ विधेयक पेश करने और उन्हें विचार-विमर्श के बाद पारित कराने का प्रस्ताव है। कार्यसूची के अनुसार प्रश्नकाल में विभिन्न सदस्यों की ओर से जल संसाधन, किसानों और पीएसपीसीएल से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।

राणा इंदर प्रताप सिंह की ओर से जल संसाधन मंत्री का ध्यान पंजाब के किसानों और सतलुज दरिया से जुड़े मुद्दे की ओर दिलाया जाएगा। इसके अलावा जसविंदर सिंह खिलपुर की ओर से रोपड़ जिले में पेयजल से जुड़ी समस्या तथा किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया जाएगा गुरमीत सिंह की ओर से पीएसपीसीएल के बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम (ओटीएस) लागू करने की मांग से संबंधित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद नियम 16 के तहत सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने संबंधी प्रस्ताव पर कार्रवाई होगी।आज विधानसभा में कुल 8 विधेयक पेश किए जाएंगे। जिन्हें दो चरणों में पेश किया जाएगा।
