दैनिक जागो वर्ल्ड !

गंगा और पुनपुन नदियों का जलस्तर घटने के बावजूद पटना जिले में बाढ़ का खतरा बरकरार है, क्योंकि दोनों नदियां खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही हैं। गंगा और पुनपुन के जलस्तर में सोमवार को कमी दर्ज की गई, लेकिन पटना जिले में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। गंगा के दीघा और गांधी घाट पर जलस्तर घटा है, इसके बावजूद दोनों जगह नदी खतरे के निशान से एक से डेढ़ मीटर से अधिक ऊपर बह रही है।

पुनपुन नदी के श्रीपालपुर में भी जलस्तर में तेजी से कमी आई है। दूसरी ओर, दरधा नदी कुछ इलाकों में चिंता बढ़ा रही है। धनरुआ के कोल्हाचक और वीर में नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।नदी खतरे के निशान से 1.25 मीटर ऊपर रविवार रात 10 बजे से सोमवार दोपहर दो बजे के बीच दीघा घाट पर गंगा का जलस्तर 51.86 मीटर से घटकर 51.70 मीटर हो गया। इस दौरान 16 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद यहां नदी खतरे के निशान से 1.25 मीटर ऊपर बह रही थी।
