Wednesday, April 15, 2026
HomeRajnitiबंगाणा के चिंता हर मंदिर लखरूंह में हवनयज्ञ व झंडा रस्म के...

बंगाणा के चिंता हर मंदिर लखरूंह में हवनयज्ञ व झंडा रस्म के साथ 45वां वार्षिक भंडारा सम्पन्न,हजारों श्रद्धालुओं ने उठाया पहाड़ी धाम का लुफ्त,

बंगाणा-जोगिंदर देव आर्य

महिला संकीर्तन मंडली के भजनों से तीन घंटे तक गूंजा मंदिर परिसर, भजनों पर झूमीं महिलाएं
बंगाणा, उपमंडल बंगाणा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंता हर मंदिर लखरूंह में रविवार को हवनयज्ञ एवं झंडा रस्म के साथ 45वां वार्षिक भंडारा बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र सहित दूर-दराज के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवनयज्ञ के साथ की गई, जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन सम्पन्न करवाया गया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति डाल कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात परंपरानुसार झंडा रस्म अदा की गई,जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। झंडा रस्म के दौरान मंदिर परिसर में “बम-बम भोले” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर महिला संकीर्तन मंडली द्वारा लगातार तीन घंटे तक भगवान भोलेनाथ के भजनों का सुंदर गुणगान किया गया। मधुर भजनों की धुन पर महिलाएं झूमती और भक्ति में लीन नजर आईं। भजनों के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति भाव से ओतप्रोत हो गया और श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे दिखाई दिए। संकीर्तन मंडली की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक पहाड़ी धाम की विशेष व्यवस्था की गई थी। हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर पहाड़ी धाम का प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। धाम में स्थानीय व्यंजनों का विशेष रूप से ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं ने बड़े चाव से भोजन का आनंद लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर में सेवा भाव का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर व्यवस्थाओं को संभाला।इस अवसर पर आयोजक मदन राणा एवं राजेंद्र ठाकुर रिंकू ने बताया कि चिंता हर मंदिर लखरूंह में हर वर्ष 29 मार्च को वार्षिक भंडारा आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इसे आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों द्वारा शुरू की गई इस पुराणिक संस्कृति को जिंदा रखना हम सभी का कर्तव्य है। इसी भावना के साथ हर वर्ष श्रद्धालुओं के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न किया जाता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवाभावी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही इतना विशाल आयोजन संभव हो पाता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय युवाओं और महिला मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तन-मन-धन से सेवा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा। समूचे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर क्षेत्र में धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। इस मौके पर सूबेदार अनिल बिक्की, एडवोकेट रघुबीर सिंह, पूर्ण सिंह राणा, रणवीर सिंह सोनू,अभय सिंह राणा, पवन कुमार,सीलू उस्ताद मन्नू पटियाल मोहित राणा जॉनी पटियाल छम्मू पटियाल, रूप सिंह पटियाल तन्नू पटियाल अन्नू पटियाल आदि सभी गांव के युवाओं ने भंडारे की सेवा में बढ़चढ़ कर भाग लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular