जागो!धतोल/डोहगी

पंचायत समिति बंगाणा के बीडीसी वार्ड नंबर-16 डोहगी-धतोल में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ‘सेब’ चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरे वर्तमान बीडीसी सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार जोगिन्द्र देव आर्य के समर्थन में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हो रही बैठकों और प्रचार कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी बढ़ने से चुनावी मुकाबला रोचक बनता नजर आ रहा है।
जोगिन्द्र देव आर्य इससे पहले भी बीडीसी सदस्य के रूप में कार्य कर चुके हैं। समर्थकों का कहना है कि उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में सड़क, पेयजल, नालियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्य हुए। यही कारण है कि ग्रामीणों का एक वर्ग उन्हें फिर से मौका देने की बात कर रहा है।
पत्रकारिता से जुड़े रहने के कारण आर्य की पहचान क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई है। सामाजिक गतिविधियों और विभिन्न जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने को लेकर भी वे चर्चाओं में रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान वे गांव-गांव जाकर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं तथा अपने विजन को जनता के सामने रख रहे हैं।
अपने चुनावी संकल्पों में जोगिन्द्र देव आर्य ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और पंचायत स्तर पर डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
क्षेत्र के कई ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव में विकास कार्य और जनसंपर्क बड़ा मुद्दा रहेगा। वहीं राजनीतिक जानकारों के अनुसार, वर्तमान बीडीसी सदस्य होने का अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अब सभी की नजरें 26 मई को होने वाले मतदान और उसके परिणामों पर टिकी हैं, जहां जनता अपने मताधिकार के जरिए बीडीसी वार्ड-16 का नया प्रतिनिधि चुनेगी।
