ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर हासिल की बड़ी उपलब्धि, युवाओं और बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

जागो!उत्तराखंड,गोविन्द रावत
अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी रीतू बिष्ट ने उत्तराखंड अपर पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर वित्त विभाग में वित्त अधिकारी पद प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे सल्ट, भिकियासैंण और जनपद अल्मोड़ा में खुशी का माहौल है। सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। रीतू बिष्ट की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर पहाड़ की बेटियां भी प्रशासनिक सेवाओं में उच्च स्थान हासिल कर सकती हैं। उनकी उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। भाजपा नेता गिरीश कोटनाला ने कहा कि रीतू बिष्ट की उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की सफलता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और रीतू की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

रीतू बिष्ट की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा सफल प्रशासनिक कार्यकाल की कामना की है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि रीतू की सफलता से अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

