Wednesday, October 21, 2026
HomeHImachal NewsUnaमनरेगा योजना को कमजोर करने के बजाय श्रमिकों को मजबूत बनाएं: विधायक...

मनरेगा योजना को कमजोर करने के बजाय श्रमिकों को मजबूत बनाएं: विधायक विवेक शर्मा

दैनिक जागो वर्ल्ड !बंगाणा

विधायक विवेक शर्मा ने वरनोह और अप्पर अरनियाला में मनरेगा मजदूरों से की मुलाकात, ग्लव्ज देकर जाना कुशल क्षेम
विवेक शर्मा बोले, यूपीए सरकार ने ग्रामीण परिवारों को घर-द्वार रोजगार देने के लिए शुरू की थी मनरेगा योजना,मोदी सरकार को इस योजना से भी हो रही परेशानी,
बंगाणा,कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने शुक्रवार को क्षेत्र की पंचायत वरनोह एवं अप्पर अरनियाला में मनरेगा के तहत कार्य कर रही माताओं-बहनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिला श्रमिकों को ग्लव्ज वितरित किए और उनका कुशलक्षेम जाना। विधायक विवेक शर्मा ने महिलाओं से बातचीत कर कार्यस्थल पर मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस योजना के माध्यम से गांवों में लोगों को अपने घर के नजदीक रोजगार उपलब्ध होता है और साथ ही ग्रामीण विकास को भी गति मिलती है।विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पूर्व यूपीए सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की शुरुआत इस उद्देश्य से की थी कि गांवों में रहने वाले गरीब,जरूरतमंद असहाय परिवारों को उनके घर-द्वार पर रोजगार मिल सके। इससे ग्रामीण परिवारों को आजीविका कमाने का अवसर मिला और गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्य करवाए जाते हैं, जिनसे गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को मजदूरी के माध्यम से आर्थिक सहारा मिलता है। खासकर ग्रामीण महिलाओं के लिए यह योजना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है

महिलाएं अपने गांव में ही काम करके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान देती हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार उपलब्ध करवाने की योजना नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने और गांवों के विकास में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
मनरेगा योजना को कमजोर करने की बजाए श्रमिकों को बनायें मजबूत,
विधायक विवेक शर्मा ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भाजपा सरकार को मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना से भी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले लोगों के लिए ऐसी योजनाओं का मजबूत बने रहना जरूरी है। सरकार को चाहिए कि वह मजदूरों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए।
उन्होंने कहा कि गांवों की महिलाएं और पुरुष कड़ी मेहनत करके ग्रामीण विकास में अपना योगदान देते हैं। ऐसे में उनकी मेहनत का सम्मान करना और उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार तथा जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनका प्रयास है कि कुटलैहड़ क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सीधे उनके बीच जाकर सुना जाए और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी परेशानियों को समझना भी है।

इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने मनरेगा में कार्यरत माताओं-बहनों से बातचीत करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता उनका परिवार है और जनता के सुख-दुख में शामिल होना उनकी प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular