Sunday, September 20, 2026
HomeHImachal NewsUnaस्वाइन फ्लू की एडवाइजरी के बीच हजारों की भीड़ क्यों? बच्चों की...

स्वाइन फ्लू की एडवाइजरी के बीच हजारों की भीड़ क्यों? बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर प्रशासन जवाब दे : पंकज सहोड़

दैनिक जागो वर्ल्ड !ऊना

ऊना, 16 सितंबर। हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग पहले ही सतर्कता और सावधानी संबंधी एडवाइजरी जारी कर चुका है। इसी बीच ऊना में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों की मौजूदगी में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 30 हजार प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था।वॉकाथॉन के दौरान करीब 13 विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने और उन्हें चक्कर तथा असहजता की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाने की मीडिया रिपोर्टों पर पूर्व जिला परिषद सदस्य पंकज सहोड़ ने चिंता जताई है।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान आवश्यक हैं, लेकिन इतने बड़े आयोजन में विद्यार्थियों की भागीदारी को देखते हुए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम का उचित आकलन और एहतियाती व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता भी महत्वपूर्ण है। प्रशासन स्पष्ट करे कि स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए क्या सावधानियां बरती गईं और विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने के कारण चिकित्सकीय जांच में क्या सामने आया।उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से तीन एंबुलेंस और तीन स्वास्थ्य टीमों की व्यवस्था की गई थी, इसलिए पूरे मामले की तथ्यात्मक समीक्षा कर यह भी बताया जाना चाहिए कि इन व्यवस्थाओं ने आपात स्थिति में किस प्रकार काम किया।पंकज सहोड़ ने कहा कि केवल वॉकाथॉन से चिट्टे की समस्या का समाधान नहीं होगा। जागरूकता के साथ तस्करों और सप्लाई नेटवर्क पर कानून के अनुसार लगातार कार्रवाई, नशे की रोकथाम, प्रभावित लोगों का उपचार और पुनर्वास—इन सभी पहलुओं पर समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों के लिए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी स्पष्ट SOP का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular