Sunday, July 12, 2026
HomeHImachal NewsUnaस्वा नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, तेज बहाव में फंसी पिकअप, तीन...

स्वा नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, तेज बहाव में फंसी पिकअप, तीन लोगों को सुरक्षित बचाया

ऊना

जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नंदपुर के पास बहने वाली स्वा नदी में रविवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी पार कर रही एक पिकअप तेज बहाव की चपेट में आ गई। वाहन में सवार तीन लोगों को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों व्यक्ति रोज की तरह स्वा नदी पार कर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और पिकअप बीच धारा में फंस गई। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बाद में पास के खेत में कार्य कर रही जेसीबी मशीन की सहायता से पिकअप वाहन को भी नदी से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जिला प्रशासन पहले ही बरसात के मौसम में नदी-नालों से दूर रहने और जलधाराओं को पार न करने की चेतावनी जारी कर चुका है। इसके बावजूद कुछ लोग समय बचाने के लिए ऐसे जोखिम उठाते हैं, जो कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर एक ट्रैक्टर तेज बहाव में फंस गया था, जिसमें दो स्थानीय लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए दो पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से लोहारली-चरड़ू पुल लगभग एक वर्ष पहले बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन भूमि विवाद के चलते अब तक शुरू नहीं हो पाया है। वहीं दूसरे पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तैयार पुल को जल्द यातायात के लिए खोल दिया जाए तो बरसात के दौरान इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular