सरकार ने हिमकेयर योजना के तहत नए कार्ड बनवाने और पुराने कार्डों के नवीनीकरण के लिए पोर्टल खोल दिया है।
जागो!शिमला,प्रिया शर्मा

हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना के तहत नए कार्ड बनवाने और पुराने कार्डों के नवीनीकरण के लिए पोर्टल खोल दिया है। इस बार चूकने और पोर्टल बंद होने की सूरत में योजना के पात्र लाभार्थियों को दो माह का लंबा इंतजार करना होगा। सरकार के नए नियमों के अनुसार अब साल में चार बार ही हिमकेयर कार्ड बनेंगे और उनका नवीनीकरण किया जा सकता है। ऐसे में 30 जून तक नए हिमकेयर कार्ड बनवाने के साथ पुराने की वैधता समाप्त होने पर लाभार्थी नवीनीकरण करवा सकते हैं। योजना के पात्र लाभार्थियों को पोर्टल बंद होने के बाद सितंबर तक का इंतजार करना पड़ेगा।प्रदेश में 1 जनवरी 2025 से 2 जून 2026 तक 1,11,548 हिमकेयर कार्डधारक हैं। इनमें अधिकतर कार्ड का नवीनीकरण होना है। नियमों में किए बदलाव के अनुसार अब 30 जून तक पात्र लाभार्थी योजना का लाभ उठाने के लिए नया कार्ड बनवा सकते हैं या फिर पुराने का नवीनीकरण कर सकते हैं। सरकार ने हिमकेयर कार्ड बनवाने और नवीनीकरण के लिए साल में सिर्फ चार महीने तय किए हैं। लाभार्थी मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में ही हिमकेयर योजना के लिए आवेदन या फिर नवीनीकरण कर सकते हैं। आयुष्मान भारत के जिला समन्वयक धर्मपाल राणा ने कहा कि सरकार के नए शेड्यूल के अनुसार 30 जून तक हिमकेयर कार्ड बनाने और नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी।

