Wednesday, June 10, 2026
HomeHImachal Newsधर्मशालातीन साल बाद पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेवा बहाल

तीन साल बाद पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेवा बहाल

तीन साल बाद पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेवा फिर से शुरू हो गई है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

जागो!धर्मशाला,राकेश कुमार

 तीन साल के इंतजार के बाद पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल मार्ग पर एक बार फिर ट्रेनों की गूंज सुनाई दी है। मंगलवार को कांगड़ा के समेला रेलवे स्टेशन पर सांसद अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक पवन काजल और रणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रेल सेवा बहाल होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली है।अगस्त 2022 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान पंजाब-हिमाचल सीमा पर स्थित चक्की नदी का रेलवे पुल बह गया था। इससे इस रूट पर रेल सेवा पूरी तरह ठप हो गई थी। सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि इस पुल के पुनर्निर्माण की मांग को केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था। रेल मंत्रालय ने करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक तकनीक से लैस नए पुल का निर्माण पूरा किया है।इस अवसर पर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि पहाड़ी राज्य में रेल विस्तार का सीधा अर्थ विकास की गति को तेज करना है। वहीं, विधायक पवन काजल ने कहा कि कांगड़ा की जनता का दशकों पुराना सपना साकार हुआ है। इस रेल सेवा के शुरू होने से न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अब दैनिक यात्रियों, छात्रों और शक्तिपीठों पर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा नहीं होगी।हिमाचल में रेल नेटवर्क के लिए 2911 करोड़ मंजूर : अनुराग ,सांसद अनुराग ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार, सुरक्षा, आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण के लिए 2911 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वर्तमान में राज्य में 17,711 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा अमृत स्टेशन योजना के तहत 46 करोड़ रुपये से प्रदेश के चार रेलवे स्टेशनों को नए सिरे से विकसित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular