दैनिक जागो वर्ल्ड ! उना

हरोली। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रयास सोसायटी द्वारा संचालित सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-द्वार तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। इसी सेवा का लाभ गांव इसपुर निवासी 82 वर्षीय धनी राम को लगातार मिल रहा है, जो पिछले करीब 20 वर्षों से दृष्टिहीन हैं और काला मोतिया की समस्या से पीड़ित हैं।
धनी राम के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना आसान नहीं है। ऐसे में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा उनके लिए बड़ी मदद बनकर सामने आई है। स्वास्थ्य टीम हर माह उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करती है और उनकी आवश्यकता के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध करवाती है। डॉक्टर द्वारा नियमित स्वास्थ्य परामर्श दिए जाने से धनी राम को घर बैठे स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है।
धनी राम ने भावुक होकर कहा, “मेरा नाम धनी राम है। मेरी उम्र 82 साल है और मैं पिछले करीब 20 वर्षों से देख नहीं सकता। जब से सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा मेरे गांव तक पहुंची है, तब से मुझे बहुत बड़ी सुविधा मिली है। डॉक्टर प्रदीप और सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम हर महीने मेरे गांव इसपुर आती है और मेरे घर पर ही मेरा स्वास्थ्य जांचती है। जांच के बाद मुझे जरूरत के अनुसार दवाइयां भी दी जाती हैं।”
उन्होंने कहा कि “मेरे जैसे बुजुर्ग व्यक्ति के लिए घर-द्वार पर मिल रही यह स्वास्थ्य सेवा बहुत बड़ी मदद है। इसके लिए मैं डॉक्टर प्रदीप, पूरी सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम और विशेष रूप से हमारे सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर जी का दिल से धन्यवाद करता हूं।”
धनी राम ने सांसद अनुराग सिंह ठाकुर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “अनुराग सिंह ठाकुर जी ने जो सेवा गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाई है, वह वास्तव में बहुत सराहनीय काम है। मैं उनके इस सेवा कार्य के लिए उन्हें दिल से आशीर्वाद और धन्यवाद देता हूं। भगवान उन्हें हमेशा स्वस्थ रखें और वे इसी तरह जरूरतमंद लोगों की सेवा करते रहें।”
इसपुर में 110 लोगों की जांच, 67 के हुए टेस्ट
इसी क्रम में आज गांव इसपुर में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा का स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में 110 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 67 लोगों के विभिन्न स्वास्थ्य जांच टेस्ट किए गए। जांच के दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया और जरूरतमंद लोगों को दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, विभिन्न टेस्ट, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उनके घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध करवाया जा रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों और ऐसे लोगों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित हो रही है, जो उम्र या शारीरिक परेशानी के कारण स्वास्थ्य केंद्र तक आसानी से नहीं पहुंच पाते।
शिविर एवं घर-द्वार स्वास्थ्य सेवा में डॉ. प्रदीप कुमार, निहाल सिंह, मनीष और रुचि ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। प्रयास सोसायटी और स्वास्थ्य टीम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और उन्हें स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है।
ग्रामीणों ने इस सेवा के लिए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, प्रयास सोसायटी, डॉ. प्रदीप कुमार और सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

